मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के अहमदखेड़ा–सिसेंडी मार्ग पर धान कटाई से लौट रहे एक मजदूर की ट्रैक्टर से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार, अहमदखेड़ा मजरा उत्तरगांव निवासी बिटोला पत्नी नन्हई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति 40 वर्षीय नन्हई बुधवार को गांव के ही आशीष पुत्र स्व. नरेंद्र के यहां धान कटाई का काम करने गया था। कटाई पूरी होने के बाद गुरुवार की शाम को वह आशीष के ट्रैक्टर पर सवार होकर घर लौट रहा था।बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रैक्टर उत्तरगांव नहर के पास नरेगा तालाब के गेट के समीप पहुंचा, अचानक झटका लगने से नन्हई नीचे गिर पड़ा। ट्रैक्टर पर मौजूद अन्य लोगों ने चालक आशीष को गाड़ी रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया। इससे नन्हई ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसका सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक के साथियों ने हादसे की सूचना परिजनों या पुलिस को नहीं दी। घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज डी.के. सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी बिटोला की तहरीर पर आरोपी चालक आशीष और ट्रैक्टर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।बताया जा रहा है कि मृतक नन्हई परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था, उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
