मोहनलालगंज।लखनऊ,शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन मोहनलालगंज कोतवाली में किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी पवन पटेल और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिलेश सिंह ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस में आमजन की बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं, जिनमें राजस्व व भूमि विवादों के मामले प्रमुख रहे।इस दौरान नन्हकई पत्नी स्व. कल्लू निवासी शीतल खेड़ा की रहने वाली ने एसडीएम से लिखित शिकायत करते हुए बताया उनके कब्जे वाले प्लाट पर कुछ लोगों द्वारा कब्जे की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर उन्हें मारने व घर जलाने की धमकी दी गई। पीड़िता ने बताया कि उक्त भूमि उन्होंने विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी, परंतु विपक्षीगण ज़बरदस्ती कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। वृद्ध महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।इस पर एसडीएम पवन पटेल ने तत्काल चौकी प्रभारी अनूप सिंह को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और महिला को सुरक्षा व न्याय का भरोसा दिलाया।वहीं, दूसरे पक्ष से राममिलन पुत्र बाबू निवासी ग्राम हुलास खेड़ा, परगना व तहसील मोहनलालगंज ने उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज को पत्र देकर आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष उनके भूखंड पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी भूमि गाटा संख्या 1424, 1426, 1493 और 1525 पर किसी भी प्रकार का कब्जा या निर्माण गैरकानूनी है और मोहनलालगंज पुलिस को भी इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने मांग की है कि कब्जा कर रहे व्यक्तियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप सुनने के बाद एसडीएम पवन पटेल ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में नायब तहसीलदार गुरुप्रीत सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
