मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज तहसील में शुक्रवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रावत की अगुवाई में सैकड़ों किसान तहसील परिसर पहुंच गए। किसानों ने प्रशासन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।जिलाध्यक्ष राजेश रावत ने तहसील स्तर पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस को मूर्ख समाधान दिवस बताते हुए कहा कि किसानों को आज भी समय से खाद नहीं मिल पा रही है और उनकी भूमि अधिग्रहण से जुड़ी मुआवजा राशि का भी सही वितरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की उदासीनता के चलते आज किसान आत्महत्या और आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर है।उन्होंने सभागार कक्ष में सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए और किसानों की परेशानियों को तत्काल दूर करने की मांग की। मौके पर मौजूद एसडीएम पवन पटेल ने किसानों को शांत करते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तहसील परिसर में लंबे समय तक चली इस नारेबाजी के कारण अफसरों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
