लखनऊ, रविवार शाम लखनऊ–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ग्राम लालपुर जिओ पेट्रोल पंप के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना निगोहां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पता चला कि बाइक संख्या UP 32 ND 5332 स्प्लेंडर से अकबरपुर बेनीगंज, थाना निगोहां निवासी सुनील कश्यप 38 वर्ष पुत्र स्व. विश्वनाथ कश्यप, अपनी पत्नी सुनीता और बेटी सुषमा 13 व छोटी बेटी 3 वर्ष के साथ ससुराल ग्राम तोड़कपुर, थाना बछरावां, रायबरेली पारिवारिक निमंत्रण में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार DL 6 CM 9250 स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।सूचना पाते ही पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया। उपचार के दौरान बाइक सवार सुनील को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी और दोनों बच्चे अभी भी गंभीर हालत में उपचाराधीन हैं। घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है। पुलिस को तहरीर प्राप्त होते ही आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।
