सौभाग्य से सभी यात्री सुरक्षित, चालक को हल्की चोटें….
मोहनलालगंज। लखनऊ।बुधवार सुबह लखनऊ–रायबरेली मार्ग पर मोहनलालगंज कस्बे के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भारत पेट्रोल पंप के सामने एक निजी स्लीपर बस अचानक ट्राले के पिछले हिस्से में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, लेकिन गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया गया कि सामने चल रहे ट्राले ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके कारण बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और तेज रफ्तार बस सीधे ट्राले से जा टकराई। घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल वाहन स्लीपर बस (नंबर NL 07 B 0931) और ट्राला (नंबर JH 05 DS 4940) रहे। हादसे में बस चालक मोहम्मद अली निवासी रानीगंज, प्रतापगढ़ को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया।हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से प्रतापगढ़ के लिए रवाना कराया गया, जिससे किसी को भी ज्यादा असुविधा न हो।टक्कर के बाद सड़क पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस व स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटाकर मार्ग को फिर से चालू कर दिया गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। पुलिस ने भी चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
