निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के हुलासखेड़ा मजरा गढ़ी मेहंदोली गांव में शौचालय के टैंक की सफाई को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज से होते हुए मारपीट में बदल गया। जिसकी सूचना दोनों पक्षों ने पुलिस को दी। एक पक्ष के पीड़ित धर्मेंद्र कुमार पुत्र संकटा प्रसाद निवासी हुलासखेड़ा मजरा गढ़ी मेहंदोली ने निगोहां पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शौचालय के टैंक की सफाई कर रहा था, तभी विपक्षी पक्ष के लोग देशराज पुत्र स्व. बैजनाथ, पूर्णवासी पुत्र स्व. बैजनाथ, सर्वजीत पुत्र शीतला और उनका छोटा पुत्र झंगड़ी उक्त कार्य का विरोध करते हुए मौके पर पहुंच गए और आपत्ति जताने लगे।आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षियों ने धर्मेंद्र को गंदी-गंदी गालियां देते हुए लात-घूसों व लाठी-डंडों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि शोर सुनकर उसका भाई और बड़े भाई के ससुर बचाव के लिए पहुंचे, तो विपक्षियों ने उन्हें भी अपशब्द कहते हुए ईंट व डंडों से पीटा, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।गांव वालों का कहना है कि गांव में लंबे समय से शौचालय व तालाब की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसे लेकर आए दिन तनाव की स्थिति बनी रहती है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
