चार ग्रामीण गिरफ्तार, शांति भंग में किया चालान…..
नगराम। लखनऊ, नगराम थाना क्षेत्र के
सलेमपुर अचाका स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को एसआईआर फॉर्म जमा करने को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को मामला शांत हो गया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस की निगरानी में दोबारा एसआईआर फॉर्म भराए गए। वहीं हंगामा और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने चार ग्रामीणों को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया।बताया जा रहा है कि गुरुवार को बूथ संख्या 371 पर तैनात बीएलओ अंजना यादव को ग्रामीणों ने अधूरा एसआईआर फॉर्म भरकर जमा किए जाने का आरोप लगाते हुए घेर लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दर्जनभर से अधिक ग्रामीण स्कूल परिसर में घुस आए और बीएलओ से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगे।विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे स्कूल इंचार्ज भास्कर चंद्र मिश्र से भी धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने स्कूल गेट में ताला जड़ दिया, जिससे विद्यालय का कामकाज ठप हो गया।घटना के बाद बीएलओ ने एसडीएम मोहनलालगंज को पूरी घटना से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने नगराम पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और बीएलओ के साथ सुरक्षा हेतु पुलिस बल तैनात करने को कहा।निर्देश मिलते ही नगराम पुलिस हरकत में आई और शुक्रवार सुबह मारपीट व हंगामा करने में शामिल चार ग्रामीणों को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया।वहीं शुक्रवार को बीएलओ के साथ पुलिसबल की मौजूदगी में एसआईआर फॉर्म को दोबारा सही तरीके से भरवाया गया। पूरे दिन पुलिस स्कूल परिसर व आसपास मुस्तैद रही, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।स्थानीय लोगों का कहना है कि फॉर्म भरने के दौरान ग्रामीणों को सही जानकारी न मिलने से भ्रम की स्थिति पैदा हुई, जिससे विवाद खड़ा हुआ। प्रशासन अब मामले की निगरानी कर रहा है ताकि आगे ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
