नगराम। नगराम थाना क्षेत्र के अमजादपुर गांव में गुरुवार रात बरात में चल रहे डीजे कार्यक्रम के दौरान जनाती और बाराती आपस में भिड़ गए। कहासुनी बढ़ने पर मारपीट इतनी बढ़ी कि दूल्हे के बड़े भाई और रिश्तेदारों तक को पीटा गया। आरोप है कि इस अफरातफरी में दूल्हे के गले से सोने की चेन और बड़े भाई की जेब में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी भी कोई उड़ा ले गया। मारपीट में दो से अधिक लोगों के चोटिल होने की बात सामने आई है।
निगोहां थाना क्षेत्र के हरिहरपुर पटसा गांव निवासी रामचंद्र की बरात नगराम के अमजादपुर निवासी फूलचंद की बेटी नयना के दरवाजे गुरुवार देर रात करीब 10 बजे पहुंची। तिलक व द्वारपूजा कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद जयमाल की तैयारी चल रही थी। इसी बीच रात करीब एक बजे डीजे डांस के दौरान जनाती और बाराती पक्ष के लोगों में किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।
मारपीट के दौरान रिश्तेदार सोनू और बछरावां के चुरुआ निवासी इंद्रजीत को भी पीटा गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि झड़प में पैजामा-कुर्ता फट गया और इसी दौरान बड़े भाई की जेब में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये तथा दूल्हे की सोने की चेन गायब हो गई।सूचना पर थाना अध्यक्ष नगराम विवेक कुमार चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल रिंकू समेत अन्य लोगों को उपचार के लिए नगराम सीएचसी भेजा। स्थिति सामान्य कराने के बाद पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
