मोहनलालगंज।शुक्रवार शाम जंगली खेड़ा मोड़, निकट आटा मिल के पास सड़क हादसे में करीब 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक प्रयासों के बाद मृतक की पहचान जलेस (28) पुत्र भारत सिंह, निवासी बनियाडीह, जनपद बेमेतारा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई।चचेरे भाई सूरज ने बताया कि मृतक जलेस बालागंज ठाकुरगंज में रहकर मजदूरी करता था। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनके घर में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार वाहन का पता लगते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना देर शाम की है और सड़क पर हादसे के समय ट्रैफिक तेज था। पुलिस ने आसपास के मार्गों पर चेकिंग भी तेज कर दी है और शांति व्यवस्था बनाए हुए है।
