निगोहां। लखनऊ , निगोहां थाना क्षेत्र के मीरखनगर गांव में सड़क पर बनाए गए ब्रेकर को लेकर पैदा हुए विवाद ने शनिवार को गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने एक युवक पर घर के बाहर ही लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पीड़िता की पत्नी ने निगोहां पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मीरखनगर निवासी रश्मि चौरसिया द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, बुधवार को उनके पति शिव शंकर चौरसिया घर पर मौजूद थे। शाम के समय अचानक बाहरी दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। दरवाजा खोलने पर पड़ोस के रहने वाले आर्यन शर्मा उर्फ आर्या के साथ तीन अन्य अज्ञात लोग खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने गंदी-गंदी गालियां देते हुए कहा कि “घर के सामने रास्ते पर ब्रेकर बनवाया है, उसे तुरंत तुड़वा दो, तेज गाड़ी चलाने में दिक्कत होती है।पीड़ित ने दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ब्रेकर न हटाने की बात कही, जिस पर सभी हमलावर आपा खो बैठे और लाठी-डंडों से उनके पति पर टूट पड़े। मारपीट में शिव शंकर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।परिजनों ने खून से लथपथ हालत में उन्हें आनन-फानन एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद गंभीर बताया है।रश्मि चौरसिया ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। निगोहां थाने के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
