मोहलालगंज/लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने वृहद स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र कुमार तिवारी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और फर्जी नाम हटाने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का आह्वान किया है।शनिवार को वे सरोजनीनगर विधानसभा के बूथ संख्या 323 सालेहनगर और मोहनलालगंज विधानसभा के बूथ संख्या 275 गोविन्दपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ अध्यक्षों और मंडल मानिटरिंग टीम के साथ बूथ स्तर की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान राज्यमंत्री तिवारी ने टीम के साथ घर-घर संपर्क अभियान में भी भाग लिया और मतदाता सूची शुद्धीकरण की प्रक्रिया को तेज करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और साथ ही बोगस या दोहरे नाम हटाकर सूची की विश्वसनीयता और पारदर्शिता भी बढ़ाई जाए। वीरेंद्र तिवारी ने बूथ स्तर पर कार्यरत सभी बीएलए और प्रवासियों से सामंजस्य और टीम वर्क को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर सत्यापन, हर घर संपर्क और सटीक सूचना आदान-प्रदान ही अभियान की सफलता का आधार है। सामूहिक प्रयास से न केवल अभियान की गति बढ़ेगी बल्कि मतदाता सूची की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।पूर्व राज्यमंत्री के दौरे से स्थानीय संगठन में कार्यकर्ताओं को नया उत्साह मिला और अभियान को और गतिशील बनाने के निर्देश दिए गए।
