परिजनों में मचा कोहराम, दुर्घटनाओं पर रोक को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश……
निगोहां। लखनऊ , निगोहां कस्बे में शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने सवारी के इंतजार में खड़ी एक बिक्रम टैक्सी में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह पलट गई। हादसे में टैक्सी चालक पुत्तन तिवारी (45) वाहन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना कारित बोलेरो को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
परिवार का सहारा छिनने से मचा मातम……
निगोहां थाना क्षेत्र के दखिना गांव निवासी पुत्तन तिवारी अपने परिवार का भरण–पोषण बिक्रम टैक्सी चलाकर करते थे। उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पत्नी लक्ष्मी तिवारी व उनकी चार बेटियाँ—सोभा, संजना, ऋचा और अदिति—का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पुत्तन मेहनती और शांत स्वभाव के थे, उनकी असमय मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
उल्टी दिशा से चलने वाले वाहन हादसों का कारण…….
स्थानीय लोगों ने बताया कि निगोहां स्टेशन मोड़ के पास बने कट से होकर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन उल्टी दिशा में निकलते हैं। बेनीगंज समेत आसपास के करीब दो दर्जन गांवों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है। उल्टी दिशा में चलने की वजह से यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक किसी स्तर पर प्रभावी रोकथाम नहीं हो सकी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कट पर बैरिकेडिंग, साइनबोर्ड और नियमित पुलिसिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
