लालगंज/रायबरेली – समाज में परिवार नियोजन की महत्ता को ध्यान में रखते हुए, पिछले वर्ष की भाँति इस वर्ष भी आरेडिका चिकित्सालय तथा जिला चिकित्सालय, रायबरेली के सहयोग से आज परिवार नियोजन शिविर एवं लेप्रोस्कोपिक ट्यूबेक्टॉमी (ट्यूबल लिगेशन)/वर्सेक्टॉमी कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया ।
लेप्रोस्कोपिक ट्यूबेक्टॉमी (ट्यूबल लिगेशन) एवं वर्सेक्टॉमी बिना किसी बड़े ऑपरेशन के पुरुषों एवं महिलाओं के लिए परिवार नियोजन का एक सुरक्षित, सरल एवं प्रभावी स्थायी उपाय है। इस प्रक्रिया के उपरांत पुरुषों एवं महिलाओं को सामान्य जीवन जीने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होती। यह परिवार नियोजन का ऐसा स्थायी समाधान है, जो जीवनभर प्रभावी रहता है ।
शिविर में सर्जरी से पूर्व पुरुषों एवं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस शिविर में कुल 05 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 01 पुरुष द्वारा वर्सेक्टॉमी एवं 04 महिलाओं द्वारा ट्यूबेक्टॉमी की प्रक्रिया कराई गई । पुरुष नसबंदी (वर्सेक्टॉमी) के प्रति लिया गया यह निर्णय इस बात का प्रतीक है कि परिवार नियोजन केवल महिलाओं की ही नहीं, बल्कि पुरुषों की भी समान रूप से साझा जिम्मेदारी है ।
शिविर का संचालन डॉ. प्रदीप अग्रवाल (सर्जन, जिला चिकित्सालय रायबरेली), डॉ. प्रियंका सिंह (चिकित्साधिकारी, सीएचसी लालगंज) एवं उनकी टीम द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ाना तथा जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण स्थापित करना था ।
इस परिवार नियोजन कार्यक्रम में आरेडिका चिकित्सालय के चिकित्साधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान रहा । भविष्य में भी आरेडिका चिकित्सालय इस प्रकार के शिविरों के आयोजन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होंगे तथा परिवार नियोजन के प्रति लोगों की जागरूकता में वृद्धि होगी ।
