जि.पं.प्र. अरुण यादव की शानदार पारी 52 गेंद में 11 छक्के 8 चौवे की मदद से बनाए 111 रन
लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के टोल प्लाजा पर चल रहे भोले बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत रविवार को खेले गए पांचवें व छठवें लीग मुकाबलों में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव की मौजूदगी ने टूर्नामेंट को और भी गरिमामय बना दिया।टूर्नामेंट का पांचवां लीग मैच इलेवन स्टार चुरुवा और अमावां दोस्तपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर इलेवन स्टार चुरुवा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवर में टीम ने 9 विकेट खोकर 186 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमावां दोस्तपुर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।इस मुकाबले के हीरो चमन रहे, जिन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए नाबाद 114 रन बनाए और साथ ही 1 विकेट भी झटका। चमन की इस विस्फोटक पारी ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। मैच के दौरान जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मैदान पर पहुंचे। उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाने वाले खिलाड़ी चमन को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया तथा उन्हें मैन ऑफ द मैच के सम्मान से नवाजा।इसके बाद खेले गए छठवें लीग मैच में आशु 11 और सूरज 11 की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर आशु 11 ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और बिना कोई विकेट खोए मात्र 12 ओवर में 199 रन ठोक दिए। इस शानदार पारी में गब्बर ने नाबाद 99 रन बनाए, जबकि उनका बखूबी साथ निभाया अखंड प्रताप सिंह ने, जिन्होंने नाबाद 77 रन की पारी खेली।जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सूरज 11 की टीम ने संघर्ष तो किया, लेकिन 2 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना सकी और 43 रन से मुकाबला हार गई। सूरज 11 की ओर से अरुण यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 111 रन की शतकीय पारी खेली, हालांकि वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इसके बावजूद उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।आज के मुकाबलों में भोले बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट में जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव, निगोहां प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल नारायण सिंह, तथा प्रेस क्लब के सचिव राघवेंद्र सिंह ने शिरकत की। अतिथियों की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबलों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह तेजी से बढ़ रहा है।
