निगोहां। लखनऊ ,राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर गांव में नहर विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान की 8 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। पीड़ित किसान राममूरत पुत्र बुद्धू निवासी ग्राम भगवानपुर ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित किसान राममूरत ने बताया कि उन्होंने शेरपुर-लवल-सुदौली मोड़ के पास लगभग 8 बीघा भूमि ठेके पर लेकर गेहूं की फसल बोई थी। आरोप है कि संबंधित नहर की समय पर मरम्मत और देखरेख न होने के कारण नहर कट गई, जिससे खेतों में अचानक पानी भर गया और पूरी गेहूं की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई।किसान का कहना है कि नहर कटने की जानकारी उन्होंने तत्काल नहर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन के माध्यम से दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब तक विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नहर को बांधने का प्रयास किया, तब तक पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी।पीड़ित किसान ने बताया कि गेहूं की फसल खराब होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नहर विभाग की लापरवाही तय करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही किसान ने फसल नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिलाए जाने की भी मांग की है।इस संबंध में किसान द्वारा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या दर्ज कराई गई है। अब पीड़ित को प्रशासनिक जांच और उचित कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों का भी कहना है कि यदि समय पर नहर की मरम्मत कर दी जाती तो किसान की मेहनत और फसल बचाई जा सकती थी।
