निगोहा। लखनऊ,निगोहा थाना क्षेत्र के बैरी मंगटैया गांव निवासी 14 वर्षीय प्रिंस रावत पुत्र बुद्धि लाल की सोमवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उन्नाव जनपद के पुरवा थाना क्षेत्र के मंगतखेड़ा गांव के पास कानपुर-लखनऊ हाईवे पुल के निकट हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस रावत बीते सोमवार को अपनी बड़ी मां के साथ उन्नाव जनपद के पुरवा विधानसभा क्षेत्र के घूरखेत गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान वह अपने बहनोई संजय कुमार रावत पुत्र स्वर्गीय हरी बाबू, निवासी घूरखेत थाना पुरवा जिला उन्नाव के साथ बाइक संख्या यूपी 35 एई 1264 से पानी बुक कराने गया था। वहां से लौटते समय मंगतखेड़ा से करीब 300 मीटर पहले कानपुर-लखनऊ हाईवे पुल के पास पीछे से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 93 बीटी 7429 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में प्रिंस रावत और संजय कुमार रावत दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर भी प्रिंस की स्थिति नाजुक बनी रही, जिसके बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया। परिजन घायल किशोर को उपचार हेतु ले जा रहे थे, इसी दौरान पुरवा के निकट रास्ते में प्रिंस ने दम तोड़ दिया।किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है। परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
