मोहनलालगंज। लखनऊ, मंगलवार की सुबह मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के रहीमनगर भदेसुआ में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता महिला ने घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की।पुलिस के अनुसार ग्राम रहीमनगर भदेसुआ निवासी 35 वर्षीय ललिता यादव पत्नी राममिलन का शव उनके घर के कमरे में छत पर लगे पंखे के कुंदे से साड़ी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना के समय मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर मौजूद थे।पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि,प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का प्रतीत हो रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।परिजनों के अनुसार मृतका की शादी को लगभग सात वर्ष हो चुके थे। वह अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है—एक पुत्र जिसकी उम्र करीब 03 वर्ष तथा एक पुत्री जिसकी उम्र करीब 01 वर्ष 08 माह बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है तथा यदि किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
