मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बख्खाखेड़ा गांव में केला का ठेला लगाने वाले युवक पर कुछ दबंगों द्वारा रास्ते में रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार पीड़ित मनीष कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार गौतम निवासी अतरौली, मोहनलालगंज जनपद लखनऊ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बख्खाखेड़ा में केला का ठेला खड़ा करने के बाद घर वापस बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दो नामजद आरोपियों में से एक बबलू तथा दो अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने उसे सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें पहुंचाईं। किसी तरह मौका पाकर वह वहां से जान बचाकर भाग निकला। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
