मोहनलालगंज । सिसेंडी गांव में सरकारी बंजर भूमि की नापजोख के दौरान एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमण की शिकायत करने से नाराज लोगों ने उस पर हमला कर दिया। सिसेंडी निवासी आशीष गुप्ता के अनुसार गांव की गाटा संख्या 808 भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि पर गांव के कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे थे। इस संबंध में आशीष ने एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर गुरुवार को लेखपाल और कानूनगो मौके पर पहुंचे और जमीन की नापजोख शुरू कराई। नापजोख के दौरान आशीष को भी मौके पर बुलाया गया था।पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कुछ अतिक्रमणकारी पूर्व प्रधान राजेश जायसवाल, ग्राम प्रधान पति राकेश जायसवाल, पूर्व प्रधान का बेटा अमन जायसवाल व इनके तीन साथियो ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग जुटे, तब जाकर मामला शांत हुआ। आशीष गुप्ता ने घटना की शिकायत मोहनलालगंज पुलिस से करते हुए अतिक्रमण करने और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
