लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गुमवां खेड़ा मजरा बहरौली गांव में मंगलवार शाम करीब छह बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय किसान रामू वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के मुताबिक रामू वर्मा खेत में सिंचाई करने के बाद सड़क किनारे पैदल चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार टाटा टियागो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई रत्नेश वर्मा निवासी बलसिंह खेड़ा ने नगराम थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कार चालक उमेश प्रताप सिंह पुत्र स्व. रामनारायण सिंह निवासी बहरौली ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
बताया गया कि रामू वर्मा अपने ननिहाल गुमवां खेड़ा में परिवार के साथ रहकर खेती-किसानी और मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। परिवार में पत्नी शिवकुमारी (36), पुत्री अनन्या (16), आस्था (13) और पुत्र आर्श (8) हैं। रामू परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के सांसद आर.के. चौधरी तथा पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
