लखनऊ। गंगागंज-नगराम रोड पर अनैया खरगापुर के पास शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना तेज था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार नगराम निवासी युवक विकास कुमार(उम्र लगभग 26 वर्ष) और दूसरी बाइक पर हुसैनाबाद निवासी रामविलास गौतम (उम्र लगभग 50 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ सवार थे। टक्कर के बाद तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इसी दौरान क्षेत्र से गुजर रहे सपा के पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर (विधानसभा क्षेत्र मोहनलालगंज, लखनऊ) ने दुर्घटना देख तुरंत अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने अपने पीआरओ हरीशंकर को निर्देश देकर डायल 112 पर सूचना दिलाई। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
