निगोहां। लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के मस्तीपुर गांव से शुक्रवार की सुबह घर से लापता बारह वर्षीय किशोर की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की साँस ली। घटना शुक्रवार की सुबह की है। जब किशोर के पिता आशीष ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि उनका 12 वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया है।सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अनुज कुमार की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तीन घंटे के भीतर किशोर को सकुशल उनके घर के एक कमरे से बरामद किया गया, जहां वह स्कूल जाने के डर से छिपा हुआ था।पुलिस ने किशोर से पूछताछ की, तो पता चला कि वह स्कूल जाने की चिंता और डर के कारण अंदर बेड के नीचे छिप गया था। किशोर के पिता और ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता और कुशल कार्यवाही की जमकर प्रशंसा की है। पुलिस टीम ने बालक को सुरक्षित परिजनों को सौंपा और इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में राहत की लहर पैदा की है।इस सफलता में थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी सिपाही आनंद प्रताप सिंह, सिपाही अरविंद कुमार और कांस्टेबल विपिन कुमार की विशेष भूमिका रही। यह घटना पुलिस की दक्षता और सामुदायिक सहयोग के महत्व को उजागर करती है।
