नगराम, लखनऊ। चचेरे भाई की बरात में शामिल होने जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना नगराम थाना क्षेत्र के कमालपुर बिचिलिका गांव के पास की है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से पल्सर बाइक सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस के अनुसार, निगोहा थाना क्षेत्र के कांटा करौंदी निवासी आयुष यादव (20) शनिवार देर शाम अपने चचेरे भाई अंकुश की बरात में शामिल होने के लिए पल्सर मोटरसाइकिल से नगराम के कमालपुर गांव जा रहा था। इसी दौरान समेसी-कमालपुर बिचलिका रोड पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयुष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे ट्रामा सेंटर भिजवाया। साथ ही उसके मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। लेकिन ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया।मृतक के पिता अनिरुद्ध यादव ने बताया कि आयुष रायबरेली के बछरावां स्थित दयानंद डिग्री कॉलेज में बीए फाइनल ईयर का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में डिलीवरी मैन का काम कर अपने खर्च भी खुद उठाता था। पिता स्वयं एक निजी सुरक्षा गार्ड हैं।परिवार में आयुष सबसे छोटा था। बड़े भाई आकाश, छोटे भाई रजत और मां सरला का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजन बेसुध हो गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय आयुष ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोट गंभीर हो गई।
