लखनऊ । शुक्रवार शाम करीब चार बजे जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी तहसील पहुंचे और विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील की अदालतों में लंबित मुकदमों की संख्या एवं उनके निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी परखी।
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। रजिस्ट्री कार्यालय जाने वाले दूसरे रास्ते पर लगे ताले को खुलवाने के लिए मौके पर कर्मचारियों को निर्देशित किया। चाभी से ताला न खुलने पर उन्होंने तत्काल ताला तुड़वाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा उन्होंने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने को कहा। चकबंदी से संबंधित मुकदमों की भी गहन समीक्षा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कुछ महत्वपूर्ण फाइलों की फोटो भी खिंचवाई।
समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण से तहसील प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी पवन पटेल, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला, एसीपी विकास कुमार पाण्डेय और इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी मौजूद रहे।
