अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 30 वर्षीय युवक ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बेचू पुत्र विजई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जहर खाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उपचार के लिए ले जाने की तैयारी के दौरान ही उसकी मौत हो गई।ग्रामीणों के मुताबिक युवक का परिचय महराजगंज जिले की एक महिला से था। इस संबंध को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था और मामला थाने तक भी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में युवक महराजगंज गया था, जहां उसने यह कदम उठाया।थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि युवक की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना रायबरेली जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र की है। परिजन शव को घर ले आए थे, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
