मोहनलालगंज।लखनऊ, रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित मेगा विधिक सेवा शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया। शिविर का आयोजन तहसील मोहनलालगंज परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जरूरतमंदों ने भाग लिया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदस्य सचिव डॉ. श्रीमती मनु कालिया ने शिविर में चयनित लाभार्थियों को पांच तालाबों के आवंटन के प्रमाण पत्र अपने करकमलों से वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। तालाब आवंटन जैसी योजनाएं न केवल रोजगार के अवसर सृजित करती हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाती हैं।
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि तालाब आवंटन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है, जिससे पात्र लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल सके। साथ ही लोगों को विभिन्न विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।इस मौके पर तहसील प्रशासन के अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
