निर्वस्त्र हालत में मिला महिला का शव, दिव्यांग बेटे की लाश पानी भरे टब में……
फोन पर बहनोई से बात कर रहा था बेटा, ‘दरवाजे पर लात मारी’ कहकर अचानक कट गया कॉल……
मोहनलालगंज, लखनऊ,मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर सोमवार शाम सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर मां और उसके दिव्यांग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार सिसेंडी कस्बा निवासी रेशमा बानो लगभग 45-50 वर्ष अपने दिव्यांग बेटे शादाब 18-19 वर्ष के साथ घर में अकेली रहती थीं। सोमवार शाम शादाब की फोन पर अपनी बहन के पति बहनोई से बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान शादाब ने बताया कि उसकी अम्मी मसाला लेने बाहर गई हैं। इसी बीच उसने घबराकर कहा कि किसी ने दरवाजे पर लात मारी है। इतना कहते ही फोन अचानक कट गया।फोन कटने के बाद बहनोई को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पड़ोसी को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी जब मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। घर के भीतर अलग-अलग स्थानों पर मां-बेटे के शव पड़े थे।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का शव चारपाई के नीचे निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था, जबकि दिव्यांग बेटे शादाब का शव पानी से भरे टब में मिला। इस स्थिति को देखकर घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।सूचना मिलने पर मृतका के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। परिजनों के अनुसार रेशमा के पति इकबाल की कोविड काल में मौत हो गई थी, जिसके बाद से मां-बेटा ही घर में रह रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी मोहनलालगंज समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और कई पहलुओं पर जांच जारी है। चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई इस वारदात से पूरे कस्बे में दहशत का माहौल बना हुआ है।
