लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर पटसा ग्राम पंचायत में एक गौशाला में अवैध रूप से बंधक बनाकर रखी गई गायों को प्रशासन ने मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि हरिहरपुर पटसा स्थित एक गौशाला में कुछ गायों को अवैध तरीके से बांधकर रखा गया है। सूचना मिलते ही बजरंग दल के जिला सहसंयोजक राजू रावत और सहसंयोजक अंशुपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में मनोज, रजनीश, विनोद द्विवेदी, मोनू शुक्ला, बाबूलाल, शिवनंदन और अनूप समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने देखा कि चार गायों को बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद तत्काल निगोहा पुलिस और राजस्व विभाग को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही निगोहा पुलिस उपनिरीक्षक ओमप्रकाश पांडे अपनी टीम के साथ और राजस्व निरीक्षक शिव प्रकाश श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।प्रशासनिक टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी गायों को मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित रूप से दूसरी गौशाला में भिजवा दिया।
इस दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और पूरी कार्रवाई को देखा।निगोहां पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से पशुओं के प्रति हो रहे अत्याचार पर रोक लग सकेगी और अवैध गतिविधियों पर भी लगाम लगेगी।
