- मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खुजेहटा गांव की घटना, आरोपी बेटा फरार; पुलिस की कई टीमें तलाश में…..
लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खुजेहटा गांव में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई। पिता से आए दिन होने वाले विवाद से नाराज एक किशोर बेटे ने गुस्से में लाठी से पीट-पीटकर अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।जानकारी के अनुसार खुजेहटा गांव निवासी रामकरन अपनी पत्नी सावित्री और दो बेटों लवकुश व विशाल के साथ रहते थे।
*कलयुगी बेटे ने की पिता की पीट पीटकर हत्या
परिवार के छोटे बेटे विशाल के मुताबिक उसके पिता का स्वभाव काफी झगड़ालू था और घर में अक्सर मां और भाई से विवाद होता रहता था। होली से कुछ दिन पहले भी रामकरन ने पत्नी सावित्री से झगड़ा कर उसे घर से भगा दिया था, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि रामकरन दोनों बेटों को घर में खाना बनाने तक नहीं देता था, जिससे परिवार में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था।सोमवार सुबह छोटा बेटा विशाल बकरियों को चराने के लिए गांव के बाहर चला गया था। इसी दौरान घर पर मौजूद रामकरन और बड़े बेटे लवकुश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर लवकुश ने लाठी उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रामकरन की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के समय घर पर मौजूद मृतक के पिता नौमीलाल ने यह खौफनाक मंजर अपनी आंखों से देखा। उन्होंने बीच-बचाव करने की काफी कोशिश की और पोते से बार-बार “मत मारो बेटा, छोड़ दो” कहते रहे, लेकिन गुस्से में बेकाबू लवकुश ने उनकी एक न सुनी और लगातार लाठी से वार करता रहा। कुछ ही देर में रामकरन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोर बेटा मौके से फरार हो गया।नौमीलाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कुछ देर बाद एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस ने मृतक के पिता नौमीलाल की तहरीर पर आरोपी पोते लवकुश के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी पहुंची तो मचा कोहराम……..
पति की हत्या की खबर मिलते ही मायके में रह रही पत्नी सावित्री बदहवास हालत में गांव पहुंची। जैसे ही उसने पति का शव देखा, वह उससे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। घर में मची चीख-पुकार और गांव में फैली इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि पारिवारिक कलह और बढ़ते गुस्से के बीच रिश्तों की डोर कितनी कमजोर होती जा रही है, जहां खून के रिश्ते भी पल भर में हिंसा का रूप ले लेते हैं।
