मोहनलालगंज, लखनऊ। पावन चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर गुरुवार को मोहनलालगंज कस्बा स्थित श्री कालेबीर बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच मां सरस्वती एवं मां महाकाली की मूर्तियों की विधि-विधानपूर्वक स्थापना की गई। पूरे आयोजन ने क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ हुआ। श्रद्धालु राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं डॉ० सोनम यादव (असिस्टेंट प्रोफेसर, लखनऊ विश्वविद्यालय) ने अपने परिजनों के साथ आचार्य के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत मां दुर्गा की प्रतिमा के समीप मां सरस्वती एवं मां महाकाली की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। मंत्रों की पवित्र ध्वनि और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।
इस पावन अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ० अजय पाण्डेय ‘सत्यम’, कालेबीर मंदिर सेवादार समिति के प्रबंधक देवेंद्र पाण्डेय, सुधाकर दीक्षित, अजय कुमार दीक्षित (मोहन), विजय कुमार द्विवेदी, नवेंदु दीक्षित, शालिकराम यादव, रामकिशोर यादव, डॉ० प्रमोद शुक्ल, सभासद सोनू शर्मा, भव्य, राहुल पाल, सत्यम यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मां के जयकारों के साथ वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
मूर्ति स्थापना के पश्चात भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल और भी अधिक प्रगाढ़ हो गया।
