मोहनलालगंज,लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ गांव के मंदिरों से सोमवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे मोहनलालगंज कस्बे को धर्ममय माहौल में सराबोर कर दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया और श्रद्धा व भक्ति के साथ जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ती रहीं। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।कलश यात्रा के स्वागत में जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा कस्बा धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। यात्रा जैसे-जैसे विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी, वैसे-वैसे लोगों की भीड़ भी बढ़ती गई और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।कार्यक्रम के आयोजक योगेश गुप्ता, दुर्गा दयाल गुप्ता एवं देवी दयाल गुप्ता ने बताया कि सोमवार सुबह विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि यह यात्रा मऊ गांव से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मोहनलालगंज कस्बे तक पहुंची, जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही।आयोजकों ने जानकारी दी कि इसी के साथ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी सोमवार से शुरू हो गया है। कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा। कथा वाचक प्रमोदानंद जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।उन्होंने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। सुरक्षा, बैठने, प्रकाश और पेयजल आदि की उचित व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। गांव और कस्बे के लोग बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम के समापन अवसर पर बीस अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
