दिनभर भटकते रहे क्रेता -विक्रेता, देर रात तक नहीं बहाल हुआ नेटवर्क, जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी से बढ़ा आक्रोश…….
मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज तहसील में सोमवार को सर्वर फेल होने से सब रजिस्ट्रार कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। रजिस्ट्री न होने से दूर-दराज से आए खरीदार और विक्रेता दिनभर परेशान रहे। सुबह से लेकर देर रात तक लोग कार्यालय परिसर में जमे रहे, लेकिन सर्वर बहाल न होने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।रायबरेली से आए रामकुमार ने बताया कि उन्होंने संपत्ति खरीदने के लिए विक्रेता के खाते में पूरी रकम ट्रांसफर कर दी थी, लेकिन सर्वर ठप होने से रजिस्ट्री नहीं हो सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम के लेनदेन के बाद अगर कोई अप्रिय घटना हो जाए, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।वहीं सुल्तानपुर से पहुंचे राजेश्वर ने बताया कि विक्रेता ने भुगतान के बाद ही हस्ताक्षर की शर्त रखी थी। पैसा देने के बाद जब दोनों पक्ष कार्यालय पहुंचे, तो सर्वर बंद मिला, जिससे पूरा मामला अधर में लटक गया।अधिवक्ताओं में भारी रोष, बताया ‘नियमित समस्या’ तहसील के अधिवक्ता अंकित सिंह, सुरेश कुमार, अभिषेक सिंह और उद्भव मिश्रा ने कहा कि सर्वर की समस्या अब यहां की स्थायी परेशानी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि कई बार लोगों को रात 12 बजे तक कार्यालय में बैठने को मजबूर होना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है।मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सर्वर फेल होना अब आम बात हो गई है, जिससे न केवल अधिवक्ताओं का काम प्रभावित हो रहा है बल्कि आम जनता को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सर्वर और नेटवर्क व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो बार एसोसिएशन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं और जनता का धैर्य अब जवाब दे रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।तहसील परिसर में काम न होने के कारण लोग बाहर दुकानों और होटलों पर इंतजार करते नजर आए। भीषण गर्मी के बीच घंटों इंतजार करना लोगों के लिए बेहद कष्टदायक रहा। पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था न होने से स्थिति और भी खराब हो गई।
पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी ने लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बार-बार यही समस्या सामने आ रही है, तो इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे।अधिवक्ताओं और आमजन ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वर और नेटवर्क व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों का समय और पैसा बर्बाद न हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
