लखनऊ। नन्दौली गांव में मंगलवार देर रात एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के बरामदे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।नन्दौली निवासी रूबी (25) पत्नी सूरज रावत का शव मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि मृतका का पति सूरज मंगलवार शाम करीब पांच बजे पड़ोसी गांव जमुरिया में एक शादी समारोह में लकड़ी काटने गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने दो घंटे में घर लौटने की बात कही थी।बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे जब सूरज घर लौटा तो उसने पत्नी का शव बरामदे में पंखे से लटका देखा। इसके बाद उसने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भेज दिया।छह साल बाद भी नहीं हुई संतान, तनाव में थी विवाहितापरिजनों के मुताबिक, रूबी का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन संतान न होने के कारण वह मानसिक तनाव में रहती थी। दंपत्ति इलाज भी करा रहे थे। ससुराल पक्ष का कहना है कि इसी अवसाद के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।मायके पक्ष का हत्या का आरोप, थाने में हंगामाघटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर टूटी चूड़ियां मिली हैं, जो संघर्ष की ओर इशारा करती हैं। उनका कहना है कि फांसी से पहले रूबी के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में मायके पक्ष ने निगोहां पुलिस को हत्या की तहरीर दी है।रात में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग निगोहां थाने पहुंच गए और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर दबाव बनाने लगे।पति हिरासत में, पुलिस जांच जारीपुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पति सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसओ निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मायके पक्ष द्वारा हत्या की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
