मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के बहरौली गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर का मालिक अपनी बीमार मां का इलाज कराने के लिए शहर के अस्पताल में मौजूद था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरौली निवासी अभिषेक अपनी मां की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें गोमतीनगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहा था। इस दौरान उसने अपने घर में ताला लगाकर बंद कर दिया था। बीते मंगलवार को पड़ोसियों ने उसे सूचना दी कि उसके घर का दरवाजा खुला पड़ा है और चोरी की आशंका है।सूचना मिलते ही अभिषेक अस्पताल से तुरंत घर पहुंचा, जहां उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और बक्से को खंगालते हुए उसमें रखे उसकी बहन और मां के लगभग चार लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ की और वापस लौट गई।इस संबंध में थाना नगराम के एसओ विवेक चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
