मोहनलालगंज।लखनऊ,मनरेगा कर्मियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मनरेगा कार्मिक कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विस्तृत रूप से मुद्दे उठाए। इस दौरान उन्होंने मनरेगा कर्मियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी, कैशलैस इलाज की सुविधा, चिकित्सा अवकाश तथा स्पष्ट एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि मनरेगा कर्मियों की स्थिति लंबे समय से उपेक्षित बनी हुई है। कई बार जिला एवं प्रदेश स्तर पर ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि इससे कर्मियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। देवेन्द्र प्रताप सिंह ने चार वर्ष पूर्व डिफेंस एक्सपो पार्क में आयोजित कार्यक्रम का भी जिक्र करते हुए बताया कि उस दौरान मंच से मनरेगा कर्मियों के हित में कई घोषणाएं की गई थीं, लेकिन आज तक उनका क्रियान्वयन नहीं हुआ। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से नाराजगी भी जताई और जल्द निर्णय लेने की मांग की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने से संगठन के पदाधिकारियों और कर्मियों में उम्मीद जगी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे।अंत में देवेन्द्र प्रताप सिंह ने संगठन की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आगे रणनीति बनाकर आंदोलन भी किया जा सकता है।
