मोहनलालगंज।लखनऊ,भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मोहनलालगंज क्षेत्र में सोमवार को भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी, मोहनलालगंज मंडल द्वारा खुजौली ग्राम पंचायत स्थित डॉ. अंबेडकर स्थल पर विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता, जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा संयोजक हंसराज रावत ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान पूरे स्थल पर “जय भीम” और “बाबासाहेब अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह और श्रद्धा का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।
इसके उपरांत आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने बाबासाहेब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के महान पुरोधा थे, जिन्होंने अपने जीवन के प्रत्येक क्षण को समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया।वक्ताओं ने यह भी कहा कि बाबासाहेब ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा हथियार बताया था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करने की भी अपील की।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें भी बाबासाहेब के सपनों को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस अवसर पर प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओम प्रकाश शुक्ला बीडीसी सदस्य मनोज कुमार एवं राजेश रावत, मंडल अध्यक्ष ललित सिंह, प्रधान अभय दीक्षित, भाजपा नेता हंसराज रावत, पूर्व प्रधान रामपाल, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष विजय शर्मा, मंडल मंत्री राम स्नेही, मंडल उपाध्यक्ष भौरेश्वर चौरसिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव सहाय सिंह, बूथ अध्यक्ष राजकुमार चौरसिया, जिला प्रतिनिधि दिनेश सैनी, जिला पंचायत प्रत्याशी अभिषेक शुक्ला, बूथ अध्यक्ष आसाराम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त शिवराम कोटेदार, मलखान गौतम, गिरीश कुमार गौतम, सरबजीत गौतम, राजेश पहाड़ी, सुंदर लाल धीमान एवं बाबूलाल रैदास समेत क्षेत्र के सम्मानित समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवाओं की भी अच्छी खासी उपस्थिति देखने को मिली, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबासाहेब के दिखाए मार्ग पर चलने, समाज में समानता स्थापित करने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल महान विभूतियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का भी सशक्त जरिया हैं।
