मोहनलालगंज, लखनऊ।भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को ब्लॉक मोहनलालगंज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में ‘भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान’ के अंतर्गत एक भव्य विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया का भव्य स्वागत ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया। इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर अतिथियों का जोरदार अभिनंदन किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामचंद्र कनौजिया ने कहा कि अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग समाज के तीन ऐसे स्तंभ हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने पर जोर देते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने की अपील की।
वहीं जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के ‘अंत्योदय’ और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि है।कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष गोकरण नाथ वर्मा,वीरेंद्र कुमार रावत, निखिल मिश्रा, संतोष शर्मा सहित सभी मंडल अध्यक्ष—रुद्र प्रताप सिंह, शिव कुमार रावत, पंकज नयन, बलराम कश्यप समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।संगोष्ठी के अंत में आयोजक हंसराज रावत ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
