मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कीर्तिखेड़ा मजरा कनकहा से एक 15 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया है और शादी कराने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित पिता के अनुसार, बीते 11 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ दिव्यांशी ढाबा जो वर्तमान में बंद है पर खाना-पीना करने के बाद वहीं सो गया था। देर रात करीब 2 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री वहां मौजूद नहीं है। परिजनों ने तत्काल आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन शुरू की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित ने बताया कि बीते 12 अप्रैल को दोपहर एक परिचित के माध्यम से सूचना मिली कि उसकी पुत्री को सुभाष गुज्जर पुत्र अमरेश निवासी ग्राम बक्तौरी खेड़ा थाना निगोहा अपने घर ले गया है। जब वह वहां पहुंचा तो परिजनों ने बताया कि उनका बेटा किशोरी को शादी के लिए लेकर आया है। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे मामले में पवन गुज्जर नामक व्यक्ति द्वारा भी आर्थिक एवं अन्य प्रकार से सहयोग किया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
