निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के सूदौली मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां लखनऊ की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार और साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सवार उछलकर दूर जा गिरे और सड़क पर तड़पने लगे।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही निगोहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोल एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विपिन निवासी ग्राम कसरावां, थाना बछरावां और विनोद कुमार निवासी ग्राम बहनवा, थाना निगोहां के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।इस संबंध में निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि, “सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। दोनों की हालत स्थिर है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
