हत्या या आत्महत्या नहर किनारे आम के बाग में अर्धनग्न अवस्था में मिला शव, जांच जारी…..
मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नहर किनारे स्थित एक आम के बाग में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। युवक औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था, जिसे सबसे पहले खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने देखा। सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।ग्रामीणों के मुताबिक, शव मिलने की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन करीब 45 मिनट तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर पुलिस पहुंचती तो घटनास्थल के महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकते थे।मऊ-पुरसेनी नहर मार्ग के किनारे स्थित बाग में मिले युवक के शव की हालत बेहद संदिग्ध बताई जा रही है। युवक अर्धनग्न अवस्था में था और उसके शरीर पर केवल हाफ चड्डा था। ऐसी स्थिति में शव मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद एसीपी विकास पांडे, इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी और कस्बा चौकी इंचार्ज अतुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया।एसीपी विकास पांडे ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है और वह दाढ़ी रखे हुए है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटाई जा रही है और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
