अमेठी। जनपद के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक महिला अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। इस घटना में महिला और उसकी एक नाबालिग बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।घटना बाजार शुकुल रोड स्थित रेलवे लाइन के पास की बताई जा रही है, जहां देर रात लखनऊ से सुल्तानपुर जा रही शटल एक्सप्रेस ट्रेन के सामने महिला ने बच्चों सहित छलांग लगा दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।पुलिस के अनुसार, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। तीनों शवों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मां और बेटी की मौत घटना के समय ही हो गई थी, जबकि बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
