सिंहपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में लौली निवासी 53 वर्षीय सूर्यपाल पुत्र शिवदास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई शिव शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार दोनों भाई अचानक सड़क पर आई भैंस से टकरा गए।घायल शिव शंकर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए 200 बेड अस्पताल लोदरिया रेफर किया गया है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शिवरतनगंज थाना प्रभारी दया शंकर मिश्रा ने बताया, “प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा सड़क पर अचानक आई भैंस से टकराने के कारण हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
