पीड़ित परिवार ने कई लोगों पर लगाया हमला व जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भन्देसुवा में दरगाह मजार पर आयोजित उर्स मेले के दौरान बीते शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़ित पक्ष ने गांव के कई लोगों पर एक राय होकर हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।भन्देसुवा निवासी गंगाराम ने मोहनलालगंज पुलिस को में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि बीते शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव में उर्स मेले का आयोजन चल रहा था। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मौजूद थे। इसी दौरान उनके परिवार के सदस्य मेला देखने गए थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि विवाद के बाद मो० अतहर, समर, अन्नू, नसीम, शाकिर खान, मो० हलीम, आमिर और इरफान समेत कई लोग एकत्र हो गए और गंगाराम के परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर मारपीट की, जिससे परिवार के कई लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना को लेकर पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मेले में हुई इस घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर बना रहा।इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली है। पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
