गंभीर रूप से घायल युवक ने भागकर बचाई जान, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा……
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहावा गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे युवक पर आधा दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने उसे घेरकर जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित को ग्रामीणों की मदद से कोतवाली पहुंचाया गया, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोहावा गांव निवासी कौशल किशोर पुत्र श्रीपाल बीते सोमवार की रात गांव के ही पंकज श्रीवास्तव के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए यशोधरा लॉन गए थे। कार्यक्रम में काफी संख्या में ग्रामीण और मेहमान मौजूद थे। आरोप है कि रात करीब नौ बजे जब कौशल किशोर लॉन के बाहर खड़े थे, तभी अभिलाष पुत्र अशोक निवासी ग्राम रतौली थाना बंथरा तहसील सरोजनीनगर अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंचा।पीड़ित का आरोप है कि बिना किसी बात के आरोपियों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला बोल दिया। देखते ही देखते सभी ने मिलकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और समारोह में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।कौशल किशोर के मुताबिक जब उसने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह वहां से भागकर गांव की ओर पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उसकी मदद की और उसे मोहनलालगंज कोतवाली ले जाया गया।पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपियों की गाड़ी संख्या यूपी 32 एमएल 7487 का भी उल्लेख किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
