निगोहां। घरेलू विवाद से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला की जान निगोहां पुलिस की तत्परता और मिशन शक्ति टीम की सूझबूझ से बच गई। घटना बुधवार थाना निगोहां क्षेत्र के ग्राम रामपुर गढ़ी की है।
एसओ निगोहां अनुज तिवारी अनुसार पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही एसआई आंनद प्रताप सिंह म.उ.नि. गायत्री, का मुनेन्द्र कुमार और म.का पूजा सक्सेना के साथ
तुरंत मौके पर पहुंचें।
दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस टीम और मिशन शक्ति टीम ने बिना समय गंवाए दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। इसके बाद महिला को पति व अन्य परिजनों के साथ थाने लाया गया। पूछताछ में मामला घरेलू विवाद का निकला।
मिशन शक्ति टीम ने महिला और उसके पति की काउंसलिंग कर समझाया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी विवाद न करने और समझदारी से रहने का आश्वासन दिया। महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
निगोहां पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
