सांसद आर.के. चौधरी, पूर्व विधायक अमरीश पुष्कर समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद……..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के गौरा गांव में शनिवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।भंडारे का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने के लिए पहुंचने लगे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।कार्यक्रम में मोहनलालगंज के सांसद आर.के. चौधरी, पूर्व विधायक अमरीश पुष्कर, सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा, एडवोकेट सुशील रावत सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारे, सहयोग और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।विशाल भंडारे का आयोजन समाजसेवी एवं अधिवक्ता विनोद कुशवाहा के संयोजन में कराया गया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सेवा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए भंडारे का आयोजन किया गया। प्रभु की कृपा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और सभी ने प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। स्थानीय लोगों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया और भक्ति भाव से सराबोर नजर आए। देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा पूरा गौरा गांव धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
