कमरौली, अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र स्थित यूपीसीडा कॉलोनी में बी.फार्मा के एक छात्र का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 22 वर्षीय दुर्गेश कुमार शुक्ला उर्फ सौरभ पुत्र संतोष कुमार शुक्ला निवासी गोधना, पोस्ट सेमरौता, थाना शिवरतनगंज के रूप में हुई है। वह डॉक्टर आनंद ओझा के मकान में केयरटेकर के रूप में रहता था तथा बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहा था।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता संतोष कुमार शुक्ला चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए हैं।पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
