मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खरेहना गांव में जानवर हटाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि गांव की एक महिला के साथ चार लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।खरेहना गांव निवासी अनीता यादव, पत्नी स्वर्गीय यादवेन्द्र कुमार यादव, ने मोहनलालगंज कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच गांव की रेनु और कन्नच अपने जानवर चरा रही थीं। इसी दौरान उनके जानवर अनीता के घर के पास पहुंच गए। अनीता द्वारा जानवरों को वहां से हटाने के लिए कहने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।पीड़िता का आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रेनु का पति बब्लू तथा कन्नच का पति अमर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान अनीता यादव को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि शोर मचाने के बावजूद आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आए।अनीता यादव का आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट के दौरान उन्हें गांव में न रहने देने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में उनके बाएं हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। बाद में उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर रेनु, कन्नच, बब्लू और अमर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।मोहनलालगंज कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि खरेहना गांव में जानवर हटाने को लेकर हुए विवाद में महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और घटना की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।
