निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के मदनखेड़ा गांव मजरा दयालपुर।में सोमवार को किसान की पान की भीट पान की खेती में अचानक आग लग जाने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी भीट उसकी चपेट में आ गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपये की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदनखेड़ा निवासी गिरधारी लाल चौरसिया की पान की भीट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक पान की भीट का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। पीड़ित किसान गिरधारी लाल चौरसिया के अनुसार इस घटना में उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वहीं राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य पान की भीट और खेतों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
