नगराम। नगराम थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने ई-रिक्शा चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मितौली गांव निवासी जियालाल पुत्र रामदीन शुक्रवार की रात एक वैवाहिक कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे आदमपुर-मितौली गौशाला के पास इंदिरा नहर मार्ग पर सिरौना गांव निवासी अजीत और सुजीत ई-रिक्शा चला रहे थे। मृतक की पत्नी शीला देवी का आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्होंने पीछे से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि जियालाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की पत्नी शीला देवी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। उन्होंने वाहन का चेसिस नंबर पुलिस को उपलब्ध कराते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी नगराम विवेक चौधरी ने बताया कि मृतक की पत्नी की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा और उसके चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
